ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड जिले के उमरी थाना इलाके में जमीन के पुराने विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। खिरिका गांव में चार बिस्वा जमीन के मालिकाना हक को लेकर चल रही रंजिश के चलते दो पड़ोसी परिवार आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा

मिली जानकारी के अनुसार खिरिका गांव निवासी इंदर सिंह और उनके पड़ोसी मोहन सिंह के बीच लंबे समय से चार बिस्वा जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और फिर लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई।

छत से की गई फायरिंग, चार लोग जख्मी

विवाद बढ़ने पर एक पक्ष का एक व्यक्ति छत पर चढ़ गया और उसने नीचे मौजूद लोगों पर बंदूक से फायर कर दिया। इस खूनी संघर्ष के दौरान फायरिंग और पत्थरों के हमले से 67 वर्षीय इंदर सिंह, 40 वर्षीय मोहन सिंह, उनकी पत्नी नीतू और 21 वर्षीय भतीजा विष्णु घायल हो गए। इसके अलावा मारपीट में कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आईं हैं।

पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती, जांच शुरू

गोली चलने की आवाज से ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

उमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने इस घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस संघर्ष में पांच से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है और गोलीबारी की घटना की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर हथियार और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।