भिंड जिले में आगामी पर्वों और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हादसों और अनहोनी को टालने के उद्देश्य से इस बार नदी और जलाशयों के भीतर श्रद्धालुओं के जाने पर रोक लगाई गई है। विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए भारी भरकम मशीनों की मदद ली जाएगी।

मशीनों से होगा विसर्जन, तैनात रहेगी एसडीआरएफ की टीम

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक के दौरान कलेक्टर पवन कुमार जैन ने स्पष्ट किया कि विसर्जन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। छोटी मूर्तियों को एक निश्चित स्थान पर एकत्रित करके विसर्जित किया जाएगा, जबकि बड़ी प्रतिमाओं को उठाने और प्रवाहित करने के लिए क्रेन और पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों, होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीमों को तैनात रखा जाएगा।

सड़कों की मरम्मत और रोशनी के पुख्ता इंतजाम

त्योहारों के सीजन में बाजारों और जुलूस मार्ग पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मार्गों के गड्ढों को भरने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक कराने और सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे लटकते तारों को दुरुस्त करें और पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखें।

मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी

त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने पर मिलावटखोरी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर दोषियों के मकान गिराने जैसी सख्त विधिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मिलावट से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत अपर कलेक्टर तक पहुंचाएं।

पटाखा दुकानों के लिए तय होंगे स्थान

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि तंग गलियों या बिना अनुमति के पटाखों की दुकानें संचालित नहीं की जाएंगी। इसके लिए शहर में चिन्हित स्थान तय किए जाएंगे ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी भी तरह का जोखिम न रहे। बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि और शांति समिति के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।