त्योहारी सीजन में बढ़ी भीड़ और बेपरवाह वाहन

त्योहारों के इस दौर में बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दिन के समय तो यहां से चार पहिया वाहनों का निकलना भी दूभर हो गया है। इसके बावजूद सुबह के वक्त प्रतिबंध के नियमों को तोड़कर ओवरलोडेड डंपर और बसें धड़ल्ले से गुजर रही हैं।

प्रशासनिक आदेशों के बाद भी नहीं लग पाए बैरियर

स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात के मद्देनजर कलेक्टर ने इंदिरा गांधी चौराहे से सुभाष तिराहा तक लाइफ लाइन रोड पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई थी। आगामी 7 नवंबर तक 30 दिनों के लिए बाजार में चौबीस घंटे भारी वाहनों की आवाजाही रोकने हेतु स्थायी बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए थे।

प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद धरातल पर अब तक भारी वाहनों की शहर में एंट्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। सुबह के समय डंपर और यात्री बसें परेड चौराहे से होते हुए बस स्टैंड की ओर निकल रही हैं, जिन्हें सिटी कोतवाली के सामने रोकने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।

चक्कर वाली पुलिया के पास फिर सजी रेत की मंडी

शहर के लश्कर रोड पर स्थित चक्कर वाली पुलिया के पास रेत से भरे ट्रैक्टरों की अवैध मंडी एक बार फिर गुलजार होने लगी है, जो बीच में कुछ समय के लिए बंद हो गई थी। इन ट्रैक्टरों की व्यवस्था और देखरेख संभालने के लिए मौके पर एक निजी युवक को भी तैनात किया गया है।

इस पूरे मामले पर अधिकारियों का कहना है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए बैरियर लगवाए जाएंगे, वहीं स्थानीय पुलिस का इस गतिविधि से अनजान होने का दावा है।