शनिवार की शाम भिंड स्थित बद्रीप्रसाद की बगिया का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय और उत्साह से परिपूर्ण नजर आया। यहाँ आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में जिलेभर की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हैं।

मंत्री राकेश शुक्ला ने मंच से सुनाया लोकप्रिय भजन

समारोह के दौरान उपस्थित जनता और आयोजकों के विशेष आग्रह पर मंच पर मौजूद मंत्री राकेश शुक्ला ने माइक संभाला। उन्होंने ‘तेरे भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ भजन की सुरीली प्रस्तुति दी, जिसके बाद पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अपने संबोधन में मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि आज मिला यह सम्मान किसी पद या ओहदे का नहीं, बल्कि किए गए श्रम और सेवा का है। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि अब भिंड की तस्वीर बदल रही है और यहाँ के युवा आईएएस, आईपीएस तथा अन्य प्रतियोगी क्षेत्रों में चयनित होकर पूरे अंचल का गौरव बढ़ा रहे हैं।

दो दशकों से धार्मिक आयोजनों से जुड़े हैं मंत्री

कार्यक्रम में मौजूद लोगों को जानकारी दी गई कि मंत्री राकेश शुक्ला पिछले करीब 20 वर्षों से निरंतर सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में अपनी भजन प्रस्तुतियां देते आ रहे हैं। उनकी इस कला ने एक बार फिर स्थानीय नागरिकों का दिल जीत लिया।

समारोह में शिरकत कर रही सांसद संध्या राय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि विश्वसनीय खबरों से जनता का भरोसा मजबूत होता है और मीडिया का यह दायित्व समाज को सही दिशा दिखाता है। वहीं विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने भी अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय स्तर पर समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने में मीडिया की भूमिका अहम रही है।

सकारात्मक पत्रकारिता और प्रेरणादायी कहानियों पर जोर

आयोजन के दौरान प्रिंट मीडिया के स्टेट हेड राजीव शर्मा ने कहा कि समाज में बेहतर कार्य करने वाले लोगों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना और सकारात्मक कहानियों को सामने लाना ही सच्ची पत्रकारिता का उद्देश्य है। इस अनूठे आयोजन में जिले के गणमान्य नागरिक और सम्मानित प्रतिभाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।