भिंड जिले में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 23 वर्षीय युवती ने चलते वाहन से उतरकर गौरी तालाब में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
भाई के साथ बाजार जा रही थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, सीतानगर की रहने वाली 23 वर्षीय अंजलि बघेल अपने भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार की तरफ जा रही थी। वाहन उसका भाई चला रहा था। जैसे ही वे बीटीआई रोड से होते हुए गौरी तालाब के पास स्थित शनि मंदिर के समीप पहुंचे, अंजलि ने भाई से स्कूटी रोकने को कहा।
जैसे ही भाई ने स्कूटी रोकी, अंजलि ने बिना कुछ कहे अचानक तालाब के पानी में छलांग लगा दी। भाई कुछ समझ पाता और उसे बचाने का प्रयास करता, उससे पहले ही वह गहरे पानी में चली गई।
एसडीआरएफ की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवती की खोजबीन शुरू की। बचाव कार्य के लिए राज्य आपदा मोचन बल यानी एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। तालाब के पानी में करीब डेढ़ घंटे तक सघन तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
अचानक हुई इस घटना से युवती के परिवार में कोहराम मच गया है। मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई का कहना है कि उसे अब भी यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर उसकी बहन ने अचानक स्कूटी रुकवाकर यह खौफनाक कदम क्यों उठाया।
किन कारणों से उठाया कदम, पुलिस कर रही है जांच
देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि युवती की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और उन परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जिनके चलते युवती ने यह कदम उठाया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!