भिंड से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की मांग तेज
स्थानीय निवासियों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भिंड रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेलवे प्रबंधन को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के डीआरएम के नाम दिया गया है, जिसमें भिंड से सीधे दिल्ली तक माधव एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने की जोरदार मांग की गई है।
यात्रियों को हो रही है असुविधा
ज्ञापन सौंपने पहुंचे भाजपा नेताओं ने बताया कि चंबल अंचल और भिंड क्षेत्र से विद्यार्थी, व्यापारी, नौकरीपेशा वर्ग और आम नागरिक बड़ी संख्या में दिल्ली और आसपास के इलाकों में आते-जाते हैं। वर्तमान में क्षेत्र से कोई सीधी और पर्याप्त रेल सेवा न होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों को अन्य स्टेशनों का रुख करना पड़ता है या फिर लंबे रास्तों से यात्रा करनी होती है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।
माधवराव सिंधिया के नामकरण और प्रतिमा स्थापना की मांग
कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि गुना-इटावा रेल लाइन क्षेत्र के लोगों का पुराना सपना रही है और इस दिशा में माधवराव सिंधिया के प्रयासों की अहम भूमिका रही है। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए भिंड रेलवे स्टेशन परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए तथा स्टेशन का नाम भी उनके नाम पर रखा जाए। इससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर सिद्धार्थ जैन, जिला कार्यसमिति सदस्य रविंद्र सिंह नरवरिया, सुनील दुबे, व्यापारी संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ‘बाबूजी’, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास शर्मा, युवा नेता हरिकिशन चौधरी ‘हैरी’, एडवोकेट अनूप नरवरिया, सुरेंद्र गर्ग और अरुण शर्मा सहित कई अन्य स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!