भिंड शहर के सदर बाजार को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रविवार की सुबह प्रशासनिक अमले ने मोर्चा संभाला। इस दौरान बाजार में साफ-सफाई के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी पटरी पर लाने के प्रयास किए गए।
कलेक्टर ने सड़क पर उतरकर किया श्रमदान
कलेक्टर पवन कुमार जैन रविवार सुबह अचानक सदर बाजार पहुंचे और वहां श्रमदान किया। उन्होंने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और स्थानीय दुकानदारों व नागरिकों को भी अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा गाड़ियां भेजी जाएं। साथ ही, कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय तयशुदा वाहनों में ही डालने की अपील की गई।
टम-टम और ठेला चालकों को समझाइश
बाजार में लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए टम-टम चालकों और हाथ ठेला संचालकों को सख्त हिदायत दी गई। कलेक्टर ने कहा कि वाहन बीच सड़क पर खड़े न किए जाएं और सभी ठेला संचालक केवल निर्धारित हॉकर्स जोन में ही अपने ठेले लगाएं।
उन्होंने मौके पर ही हॉकर्स जोन का निरीक्षण कर उसे पूरी तरह व्यवस्थित करने के निर्देश नगर पालिका के अमले को दिए, ताकि ग्राहकों और राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एनसीसी और समाजसेवियों की रही सहभागिता
इस स्वच्छता अभियान में जिला पंचायत के सीईओ वीरसिंह चौहान भी शामिल हुए। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और नगर पालिका की टीम के साथ परेड चौराहे से लेकर सब्जी मंडी रोड और पुस्तक बाजार तक श्रमदान किया।
इस दौरान शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के राष्ट्रीय सेवा योजना यानी एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने तख्तियों और नारों के माध्यम से बाजार के लोगों को जागरूक किया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!