भिंड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र अंतर्गत उगाई खेड़ा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तालाब में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार और इलाके में मातम पसर गया।
नहाने के दौरान गहरे पानी में उतरा किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक छोटू बघेल भैंस चराने के लिए निकला था। इस दौरान गांव के कुछ अन्य बच्चे तालाब में नहा रहे थे। उन्हें पानी में उतरते देख छोटू भी खुद को रोक नहीं पाया और तालाब में चला गया, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह हादसे का शिकार हो गया।
ग्वालियर से आया था गांव, दादी के निधन पर था शोक
मृतक की पहचान लेनकापुरा निवासी छोटू पुत्र मंगल सिंह बघेल के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता के साथ ग्वालियर में रहता था, जहां उसके पिता मजदूरी का कार्य करते हैं। बीते 5 अक्टूबर को उसकी दादी का निधन हो गया था, जिसके चलते छोटू गांव आया हुआ था।
छोटू तीन भाइयों में बीच का था और स्थानीय स्तर पर कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रहा था। उसकी अचानक हुई इस तरह की मौत से घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण तुरंत तालाब के पास एकत्र हो गए और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मिहोना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने गोताखोरों और बचाव दल की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला गया, जिसके बाद पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम कराया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!