भिंड शहर के व्यस्त सदर बाजार इलाके से मंगलवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां दुकान पर बैठे किराना व्यापारी को कुछ बदमाश जबरन उठाकर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत नाकाबंदी कर तलाश शुरू की गई।

सदर बाजार स्थित दुकान से दिया गया वारदात को अंजाम

यह पूरी घटना मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे सदर बाजार स्थित किराना दुकान पर हुई। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज के मुताबिक, एक काली रंग की स्कॉर्पियो दुकान के बाहर आकर रुकी। इसके बाद गाड़ी से दो युवक उतरे और सीधे दुकान के अंदर दाखिल हुए।

फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाशों ने 42 वर्षीय किराना व्यापारी नितेश जैन पुत्र पदमचंद जैन का हाथ पकड़ा और उन्हें जबरन खींचते हुए बाहर लाए। इसके बाद आरोपी उन्हें गाड़ी में बैठाकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार के अन्य व्यापारियों में भी दहशत फैल गई।

अटेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए व्यापारी को छुड़ाया

अपहरण की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली और देहात थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी और आरोपियों की तलाश के लिए जिलेभर में चेकिंग प्वाइंट एक्टिव किए।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का असर जल्द ही देखने को मिला और अटेर थाना पुलिस ने दबिश देकर अपहृत व्यापारी को चार आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित छुड़ा लिया। इस पूरी कार्रवाई में महज एक घंटे का समय लगा।

डेढ़ से दो करोड़ रुपए के लेन-देन का विवाद आया सामने

मामले की शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि यह पूरा घटनाक्रम करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपए के आपसी लेन-देन के विवाद से जुड़ा हुआ है। शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई है कि व्यापारी के परिवार से जुड़े लोगों के साथ पैसों को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी।

सीएसपी निरंजन राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में पैसों के लेन-देन का विवाद ही मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब व्यापारी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान व उनकी धरपकड़ की प्रक्रिया तेजी से जारी है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।