ग्वालियर-चंबल संभाग के भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक सौतेले पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी पिछले काफी समय से पीड़िता पर बुरी नजर रख रहा था और मौका पाकर उसने इस घृणित कृत्य को अंजाम दिया।

अस्पताल में भर्ती थी मां, कमरे में सोया था आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां अक्सर अस्वस्थ रहती है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती रही थी। गत 17 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे नाबालिग बालिका अपने कमरे में सो रही थी। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी वहां पहुंचा और उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। डर और सदमे के कारण उस समय बालिका किसी को कुछ बता नहीं सकी।

मामा के सामने खुला राज, थाने पहुंची पीड़िता

जब पीड़िता की मां को दोबारा उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, तब बालिका ने हिम्मत जुटाकर अपने मामा को पूरी घटना की जानकारी दी। अपनी भांजी की बात सुनकर दंग रह गए मामा तत्काल उसे लेकर बरोही थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।

लाडमपुरा से दबोचा गया आरोपी

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को लाडमपुरा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के दिशा-निर्देशन, उप पुलिस अधीक्षक सतीश चौहान के मार्गदर्शन तथा बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस बल और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा पूरी की गई।