भिंड शहर के अटेर रोड इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। घर के पास ही नीम के पेड़ से दातून तोड़ रहे एक बुजुर्ग हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट का झटका लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सरिया छूने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अटेर रोड निवासी 60 वर्षीय मुन्नालाल शर्मा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे केके ईंट भट्टे वाली गली में गए थे। वे सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से दातून तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान वे पेड़ की डाली तक पहुंचने के लिए लोहे के सरिए का इस्तेमाल कर रहे थे।
डाल तोड़ते समय अचानक लोहे का वह सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन के छूते ही जोरदार करंट मुन्नालाल के शरीर में दौड़ गया, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंच गए। परिजन बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल लेकर भागे, लेकिन अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना के आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
देहात थाना पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में सरिया आना ही सामने आई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!