इटावा रोड पर 17 बटालियन गेट के पास हुई घटना
भिंड शहर के इटावा रोड पर सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ई-रिक्शा में सफर कर रही महिलाओं ने दूसरी महिला को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार बाबी पत्नी भूप सिंह जाटव अपने परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ ई-रिक्शा पर सवार होकर फूप क्षेत्र के जाजेका पुरा में आयोजित मोरछठ कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।
सवारी बनकर बैठी थीं आरोपी महिलाएं
रास्ते में इंदिरा गांधी चौराहे के पास तीन अज्ञात महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में आकर बैठ गईं। उन्होंने चालक को चकमा देने के लिए बच्चों की दवा लेने और फिर थोड़ी देर में लौटने की बात कही थी। जैसे ही ई-रिक्शा 17 बटालियन गेट के पास पहुंचा, उनमें से एक महिला ने अचानक बाबी के गले पर झपट्टा मार दिया और मंगलसूत्र छीनकर भागने लगी।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से पकड़ी गई एक संदिग्ध
बाबी द्वारा तुरंत शोर मचाए जाने पर आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए। भीड़ ने भाग रही महिलाओं का पीछा किया और उनमें से एक संदिग्ध महिला को दबोच लिया, हालांकि उसकी दो अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहीं। पकड़ी गई महिला को तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पीड़िता के अनुसार लूटा गया मंगलसूत्र करीब छह ग्राम वजनी था और उसमें आठ सोने के मोती पिरोए हुए थे। इस गहने की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। घटना के बाद जब मंगलसूत्र मिला तो उसके तीन मोती गायब मिले।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को वारदात की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई है। हिरासत में ली गई संदिग्ध महिला से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उसके साथ फरार हुई अन्य महिलाओं का सुराग लगाया जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!