अंचल के भिंड जिले के रावतपुरा थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में शुक्रवार की रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दो युवकों ने घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और सो रहे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दीवार फांदकर घर में घुसे थे हमलावर
खजुरी गांव निवासी लल्लूसिंह चौहान के परिवार के अनुसार, रात करीब बारह बजे लहार में मार्केटिंग सचिव रायसिंह चौहान का बेटा रीतेश चौहान और उसका चचेरा भाई देवीसिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह चौहान कथित तौर पर किसी आपराधिक नीयत से दीवार फांदकर अंदर आए। घर में दाखिल होते ही दोनों ने लल्लूसिंह के 30 वर्षीय बेटे नीरज चौहान को लाठी से निशाना बनाया। नीरज के पैर पर वार लगने के बाद वह अपनी जान बचाने के लिए चारपाई की ओट में छुप गया।
बुजुर्ग महिला ने बचाई बहू और पोती की जान
बेटे पर हमला होता देख नीरज की मां कल्लन देवी तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले अपनी गर्भवती बहू शिल्पी और चार साल की पोती पीहू को एक कमरे में सुरक्षित बंद किया। इसके बाद वह खुद दोनों हमलावरों के सामने डट गईं। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने बुजुर्ग महिला के साथ भी मारपीट की, जिससे उनके कान में गंभीर चोट आई। आरोप है कि इस दौरान उनके कान का सोने का टॉप्स भी निकाल लिया गया।
ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी काबू में
घर के भीतर शोरगुल सुनकर नीरज चारपाई के नीचे से बाहर निकला और आरोपियों का मुकाबला करने का प्रयास किया। परिवार के अन्य सदस्यों के सहयोग से उन्होंने देवीसिंह चौहान को मौके पर ही दबोच लिया। नीरज का यह भी आरोप है कि दूसरे आरोपी रीतेश ने अवैध हथियार से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन कारतूस फंस जाने के कारण टल गया। इसके बाद रीतेश छत के रास्ते भाग निकला, जबकि बाहर खड़े उसके अन्य साथी भी ग्रामीणों के जागने पर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और रावतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी देवीसिंह को अपनी हिरासत में ले लिया और उसकी बाइक (एमपी 30 एमवी 4044) भी जब्त कर ली। पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए एफआईआर में घर के भीतर की घटना को बाहर का रास्ता बताने और सोने का टॉप्स चोरी करने का जिक्र न होने पर आपत्ति दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!