भिंड के नवागत कलेक्टर पवन कुमार जैन ने शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मेहगांव विकासखंड के ग्राम सढ़ा और अड़ोखर का मैदानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय संस्थाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और मैदानी अमले को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
विद्यालयों में बच्चों से संवाद और मध्याह्न भोजन की जांच
कलेक्टर ने ग्राम सढ़ा के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का मुआयना किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पठन-पाठन की दक्षता को परखा। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र संख्या और बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की।
आंगनवाड़ी और राशन दुकानों का किया निरीक्षण
दौरे के क्रम में उन्होंने सढ़ा के मोहर सिंह का पुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर नौनिहालों को मिलने वाले पोषण आहार की समीक्षा की। इसके बाद उचित मूल्य की राशन दुकान का जायजा लेकर उपभोक्ताओं को अनाज वितरण प्रणाली की जानकारी जुटाई और परिसरों में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।
आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी
ग्राम अड़ोखर में बने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर कलेक्टर ने वहां तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति और चिकित्सीय उपकरणों व दवाओं की उपलब्धता का मिलान किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी स्वच्छता बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा और जनपद पंचायत सीईओ राजीव मिश्रा सहित प्रशासन के अन्य प्रमुख अधिकारी भी साथ मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!