ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बरोही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपालपुरा गांव में शुक्रवार शाम को एक बेटे ने अपनी ही मां की निर्ममता से हत्या कर दी।

शराब के नशे में शुरू हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका 65 वर्षीय रामजानकी देवी पत्नी मथुरा सिंह परिहार के घर शुक्रवार शाम को उनका बेटा राघवेंद्र परिहार पहुंचा था। बताया जा रहा है कि आरोपी राघवेंद्र उस वक्त अत्यधिक शराब के नशे में था।

घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर राघवेंद्र का अपनी मां के साथ विवाद हो गया। नशे में धुत आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उग्र रूप धारण कर लिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

छोटे बेटे के घर पहुंचने पर हुआ खुलासे

वारदात के समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। हमले के तुरंत बाद आरोपी राघवेंद्र मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब मृतका का मंझला बेटा उपेंद्र परिहार घर पहुंचा, तो उसने मां का खून से सना शव देखा।

मां की लाश देखकर उपेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसने तुरंत इस खौफनाक घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद बरोही थाने की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम फरार आरोपी राघवेंद्र परिहार की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है और घटना के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।