भिंड तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेडिकल स्टोरों पर स्थानीय प्रशासन और औषधि विभाग की टीमों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में औचक निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए गए हैं।
सात दुकानों का हुआ औचक निरीक्षण
कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों के पालन में औषधि निरीक्षक डॉ. आकांक्षा गरुड़ ने क्षेत्र के कुल सात मेडिकल स्टोरों की अचानक जांच की। इस दौरान श्री गणेश मेडिकल स्टोर, प्रज्ञा मेडिकल स्टोर, कुशवाह मेडिकल एजेंसी, सेजल मेडिकल स्टोर, अनुष्का मेडिकल स्टोर, काव्या मेडिकल स्टोर और आशी मेडिकल स्टोर की पड़ताल की गई।
आशी मेडिकल स्टोर पर मिला दूसरा व्यक्ति
जांच के दौरान आशी मेडिकल स्टोर पर जब टीम पहुंची तो वहां अधिकृत प्रोप्राइटर व सक्षम व्यक्ति आलोक शर्मा अनुपस्थित मिले। उनकी जगह दुकान पर अमन सिंह भदौरिया संचालन करते हुए मिले। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से दवाओं के क्रय-विक्रय पर रोक लगाते हुए दुकान को बंद करा दिया। साथ ही संचालक को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण पेश करने का नोटिस दिया गया है।
दो अन्य स्टोरों से भी मांगा गया जवाब
इसके अलावा नियमों में खामियां मिलने पर श्री गणेश मेडिकल स्टोर और प्रज्ञा मेडिकल स्टोर के संचालकों को भी औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के तहत नोटिस थमाए गए हैं। विभाग ने इन दुकान संचालकों को हिदायत दी है कि वे अपने लाइसेंस को प्रमुखता से प्रदर्शित करें और दुकान पर फार्मासिस्ट या सक्षम व्यक्ति की उपस्थिति हमेशा सुनिश्चित करें।
निरीक्षण अभियान के दौरान दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति, एक्सपायरी औषधियों के रखरखाव, स्टॉक रजिस्टरों के संधारण और पशुओं की दवाओं के पृथक भंडारण का जायजा लिया गया। इसके साथ ही फ्रिज में स्टोर की जाने वाली दवाओं के तापमान और रख-रखाव की भी बारीकी से जांच की गई।
औषधि विभाग के अधिकारियों ने संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि बिना पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे के किसी भी शेड्यूल ड्रग की बिक्री न की जाए और खरीद-फरोख्त का पूरा रिकॉर्ड कायदे से रखा जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की औचक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!