रिमांड पर चल रहा है मुख्य आरोपी
चर्चा में रहे नर्सिंग ऑफिसर स्नेहलता पाण्डेय हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ बादशाह जाटव इस समय पुलिस की गिरफ्त और रिमांड पर है। कोतवाली थाना पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है ताकि इस सनसनीखेज वारदात से जुड़े अन्य रहस्यों से पर्दा उठ सके।
घटनास्थल और पचनदा पहुंची पुलिस
सोमवार को कोतवाली थाना पुलिस आरोपी सत्यप्रकाश को लेकर उस स्थान पर पहुंची जहाँ वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके साथ ही पुलिस उसे पचनदा के पास उस इलाके में भी ले गई, जहां उसने मृतका का शव फेंके जाने की बात स्वीकार की थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएशन कराया।
कार जब्त, एफएसएल टीम करेगी जांच
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उस कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जिसका इस्तेमाल हत्या के लिए किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी का दावा है कि इसी चार पहिया वाहन के भीतर स्नेहलता पाण्डेय की गला घोंटकर हत्या की गई थी।
वाहन से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेसिंक साइंस लेबोरेटरी यानी एफएसएल के विशेषज्ञों को बुलाया गया है। हालांकि, घटना को दस दिन से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, ऐसे में यह देखना अहम होगा कि इतने दिनों के बाद कार से कितने पुख्ता सबूत हाथ लगते हैं।
इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि वाहन मालिक ने अपने वीडियो बयानों में यह बात कही है कि उसने इस गाड़ी की धुलाई नहीं करवाई थी। पुलिस अब आगे की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच में जुटी हुई है, हालांकि अभी तक मृतका का शव बरामद नहीं किया जा सका है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!