भिंड जिले के उमरी थाना अंतर्गत आने वाले कनावर गांव में शुक्रवार को गणेश विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया। शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच तीन युवक क्वारी नदी के गहरे पानी में डूब गए। इनकी उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

हवन-पूजन के बाद पहुंचे थे नदी

कनावर गांव में गणेश उत्सव का माहौल था। शुक्रवार को अनुष्ठान और हवन-पूजन संपन्न होने के बाद ग्रामीण प्रतिमा विसर्जन के लिए क्वारी नदी पर पहुंचे थे। इसी दौरान युवकों का एक दल भी बप्पा की प्रतिमा के साथ नदी पर आया था, और विसर्जन के वक्त ये तीनों किशोर नदी के गहरे भाग में चले गए।

ग्रामीणों ने बचाने का किया प्रयास

नदी में डूबते देख मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया। तैरना जानने वाले कुछ स्थानीय ग्रामीण फौरन पानी में कूदे और किशोरों की खोजबीन की, लेकिन वे उन्हें ढूंढने में सफल नहीं हो सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर जलस्तर काफी अधिक था और वहां सुरक्षा के लिहाज से कोई गोताखोर या पुलिसकर्मी तैनात नहीं था।

हादसे का शिकार हुए तीनों किशोर कनावर गांव के ही निवासी हैं। जिनकी पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और बचाव कार्यों की समीक्षा की। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण शुरुआती दौर में तलाश में बाधा आई।

प्रशासन ने किशोरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया है। टीम की मदद से नदी में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस दुर्घटना के बाद से पूरे कनावर गांव में उत्सव की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं और नदी तट पर भारी भीड़ जमा है।