भिंड जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध रेत के परिवहन और उत्खनन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार मुस्तैद बना हुआ है। इसी क्रम में बीती रात विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर औचक दबिश दी और रेत ले जा रहे वाहनों पर कार्रवाई की।

मटियावली क्षेत्र से दो ट्रैक्टर पकड़े गए

खनिज विभाग की टीम को लहार, मिहोना और आसपास के क्षेत्रों में अवैध परिवहन की लगातार सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने रात्रि गश्त तेज कर दी। जब टीम गश्त करते हुए लहार क्षेत्र के मटियावली पहुंची, तो रावतपुरा सानी के पास दो ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़े गए। ये दोनों वाहन मटियावली से रेत भरकर मिहोना की तरफ जा रहे थे। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया और संबंधित थाने में खड़ा करवा दिया।

मेहगांव में भी हुई खनिज अमले की कार्रवाई

लहार इलाके के अलावा मेहगांव क्षेत्र में भी खनिज विभाग की पेट्रोलिंग टीम ने एक अन्य ट्रैक्टर को अवैध रेत ले जाते हुए दबोचा। अमले ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया और उसे मेहगांव थाने में लाकर खड़ा कराया। पकड़े गए सभी वाहनों के मामलों में नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिलेभर में आगे भी जारी रहेगा अभियान

खनिज निरीक्षक गौरव साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध रेत परिवहन पर लगाम कसने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। भिंड, मेहगांव, भारौली, अटेर, लहार और मिहोना समेत अन्य इलाकों में पुख्ता सूचना मिलने पर टीम फौरन दबिश दे रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।