भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खरिका गांव में हुई गोलीबारी की घटना के बाद एक बुजुर्ग की जान चली गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहित समेत दो लोगों को दबोच लिया है।
इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा था दम
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गत 3 अक्टूबर को ग्राम खेरिका निवासी फरियादी दीप सिंह राजावत की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए इंदर सिंह ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने इस संगीन मामले में कानूनी धाराओं को बढ़ाते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई धरपकड़
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। एसडीओपी मुख्यालय भिंड सतीश सिंह के दिशा-निर्देशन में स्थानीय पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया।
उमरी थाना पुलिस ने बीती 17 अक्टूबर को दोनों फरार आरोपियों को धर दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया है।
कारवाही में इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उमरी थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह सेंगर और उपनिरीक्षक रवि सिंह कुशवाह सहित अन्य पुलिसकर्मी प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!