भिंड जिले के अटेर कस्बे के सदर बाजार इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। यहां रहने वाली 24 वर्षीय राबिया का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका हुआ मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पति ने दी थी फोन पर सूचना

घटना की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि मृतका के पति इरफान खान ने सोमवार को मायके पक्ष को फोन कर इस घटना की सूचना दी थी। इसके अलावा पड़ोस में रहने वाले नदीम पुत्र इरफान खान को भी इसकी खबर दी गई थी।

सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग तुरंत अटेर पहुंचे। घर के भीतर राबिया का शव फंदे पर लटका देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उन्होंने इस मौत को लेकर गहरी आशंका जाहिर की।

दहेज प्रताड़ना और अन्य संबंधों का आरोप

मृतका के भाई इशाद ने जानकारी दी कि राबिया का निकाह 26 नवंबर 2025 को इरफान खान के साथ हुआ था। भाई का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी बहन को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।

इशाद ने यह भी दावा किया कि मौत से ठीक पहले राबिया ने अपने मोबाइल फोन पर पति की किसी अन्य युवती के साथ तस्वीर भेजी थी। साथ ही उसने पति के उस महिला के साथ प्रेम संबंध होने की बात भी साझा की थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया है और इसे आत्महत्या न मानकर हत्या बताया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।