भिंड के देहात थाना क्षेत्र के पुर गांव में सोमवार की रात एक दुखद घटना घटी। धर्मेंद्र लोधी की पत्नी बबीता देवी अपने तीन बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। देर रात करीब 3 बजे कमरे में एक काला सांप घुस आया, जिसने पहले 8 वर्षीय काव्या की उंगली पर काटा और फिर 5 वर्षीय आयुष को भी डस लिया।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पलंग के पास सो रहा 15 वर्षीय बड़ा भाई जाग गया। उसने कमरे की लाइट जलाई तो पलंग के पास सांप दिखाई दिया। परिजन तुरंत दोनों बच्चों को जिला अस्पताल ले गए।
अस्पताल में बच्चों की मौत
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने 8 वर्षीय काव्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 5 वर्षीय आयुष की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, ग्वालियर में इलाज के दौरान आयुष ने भी दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के दो मासूमों की मौत से पूरे पुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में सांप को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
बच्चों के पिता धर्मेंद्र लोधी निजी काम से बाहर गए हुए थे। घर पर मां और तीनों बच्चे रह रहे थे। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!