भिंड जिले में यात्रियों के साथ ठगी और नशे की गोलियां देकर सामान उचकाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला भिंड बस स्टैंड का है, जहां राजकोट से उत्तर प्रदेश के अपने मायके जा रही एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में पाई गई।
सफर के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने पिलाया पानी
पीड़ित महिला की पहचान 26 वर्षीय आकांक्षा चौहान, पत्नी आकाश चौहान, निवासी राजकोट के रूप में हुई है। आकांक्षा बस के जरिए अपने मायके निवाड़ी कला, महेबा, उत्तर प्रदेश जा रही थीं। यात्रा के दौरान रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ पानी पिला दिया, जिससे उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई।
भाई पहुंचा बस स्टैंड तो बहन मिली सड़क किनारे
जब बस भिंड बस स्टैंड पर पहुंची, तो महिला का छोटा भाई राज राजावत उन्हें लेने के लिए वहां पहले से मौजूद था। बस स्टैंड के पास आकांक्षा सड़क किनारे पूरी तरह बेसुध हालत में बैठी हुई मिलीं। भाई ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद महिला के पास रखे रुपए और बैग गायब मिले हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि सफर के दौरान महिला के बेहोश होने का फायदा उठाकर किसी शातिर बदमाश ने उनका कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली है।
होश में आने के बाद ही स्पष्ट होगी पूरी घटना
फिलहाल महिला के होश में आने और पूरी तरह से स्वस्थ होने का इंतजार किया जा रहा है। उनके सामान्य होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सफर के दौरान यह वारदात किस स्थान पर और किसने अंजाम दी थी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!