भिंड जिले में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के 'सेवा ज्योति संकल्प अभियान' को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों यानी अटेर, मेहगांव, लहार, गोहद और भिंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपनी सेवा ज्योति लेकर नवीन कृषि उपज मंडी में एकत्रित हुए।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना था। 7 अक्टूबर के इस विशेष अवसर पर पूरे देश में सेवा ज्योति यात्राओं का सिलसिला शुरू किया गया है।

मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वंदेमातरम् के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का संबोधन सुना और फिर एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश प्रसारित हुआ।

कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला और स्थानीय नेताओं की मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा और सहभागिता की भावना को मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनसेवा के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया और जिला संगठन प्रभारी हमीर सिंह पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मौजूद अतिथियों की उपस्थिति में ज्योतियां प्रज्ज्वलित की गईं और इसके बाद अलग-अलग यात्राओं को रवाना किया गया। भिंड विधानसभा की ज्योति मंडी परिसर से पैदल मार्च के रूप में शुरू होकर सुभाष चौराहे तक पहुंची।

सुभाष चौराहे पर माल्यार्पण और प्रमुख मार्ग

सुभाष चौराहे पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात इस ज्योति को शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक ले जाकर स्थापित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस यात्रा का मुख्य मकसद सेवा, सुशासन और विकास के संदेश को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है।

इस बड़े आयोजन के दौरान खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष संजीव कांकर, पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, विधायक अमरीश शर्मा ‘गुड्डू’, निगम अध्यक्ष रणवीर जाटव सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।