गुरुवार रात हुआ हादसा

भिंड जिले के चर्चित दंदरौआ धाम मंदिर परिसर में गुरुवार की रात करीब 8 बजे अचानक हॉस्टल का छज्जा भरभराकर नीचे आ गिरा। इस घटना के वक्त आश्रम के सभी विद्यार्थी मंदिर के भीतर पूजा-अर्चना में व्यस्त थे।

गनीमत यह रही कि जब छज्जा गिरा, तब हॉस्टल में रहने वाला किशोर प्रशांत कटारे अपने कमरे से निकलकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें नहीं आईं और वह सुरक्षित बच गया।

प्रशासन और पुलिस को दी गई सूचना

अचानक हुए इस हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग तुरंत सतर्क हो गए और स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मंदिर प्रबंधन की तरफ से तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमले को हादसे की सूचना दी गई। हालांकि शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छज्जे का कितना हिस्सा टूटा है और इसके गिरने के पीछे क्या कारण रहे।

अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा

मामले की जानकारी मिलते ही एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि उन्हें दंदरौआ धाम मंदिर परिसर में छज्जा गिरने की सूचना मिल चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर के किस हिस्से का यह छज्जा है, इसकी पूरी स्थिति टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही साफ हो सकेगी।

प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक इस दुर्घटना में सिर्फ एक किशोर के पैर में मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है।