भिंड जिले में पुलिस और प्रशासन को गुमराह करने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सीता नगर निवासी एक युवती के गौरी तालाब में कूदने की सूचना महज एक अफवाह और झूठी कहानी साबित हुई है। इस सूचना के आधार पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने लगातार दो दिनों तक तालाब में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा।

भाई ने रची थी तालाब में छलांग लगाने की मनगढ़ंत कहानी

शनिवार शाम को पुलिस को सूचना दी गई थी कि अंजली नाम की युवती अपने भाई के साथ स्कूटी पर बाजार जा रही थी। रास्ते में शनि देव मंदिर के पास उसने अचानक स्कूटी रुकवाई और गौरी तालाब में छलांग लगा दी। इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फौरन गोताखोरों तथा एसडीआरएफ की टीम को मौके पर उतार दिया गया।

शनिवार शाम को करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण तलाश रोकनी पड़ी। इसके बाद रविवार सुबह आठ बजे से दोबारा रेस्क्यू शुरू किया गया जो शाम पांच बजे तक चला। इतने घंटों की खोजबीन के बाद भी जब पानी से कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस का माथा ठनका और जांच का दायरा बढ़ाया गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला पूरा राज

शक के आधार पर पुलिस ने सीता नगर से लेकर गौरी तालाब तक के मार्ग पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच करने पर पुलिस को भाई के ब बयानों में विरोधाभास नजर आया, क्योंकि स्कूटी पर युवती कहीं दिखाई नहीं दी और भाई अकेला ही नजर आ रहा था।

जब पुलिस ने सख्‍ती से फुटेज दिखाते हुए भाई से पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया। भाई ने स्वीकार किया कि अंजली कोई तालाब में नहीं कूदी थी, बल्कि वह करीब बीस दिन पहले ही अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद जा चुकी है।

बदनामी के डर से गढ़ी गई थी झूठी दास्तान

मामले की सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने युवती के पिता को भी थाने बुलाया। पूछताछ में पिता ने भी इस बात की पुष्टि की कि उनकी बेटी घर छोड़कर जा चुकी है। परिवार को इस बात का गहरा डर था कि अगर बेटी के जाने की बात समाज में फैली, तो उनकी बदनामी होगी और रिश्तेदारों तथा समाज के लोगों के सवालों का सामना करना पड़ेगा।

देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पिता और पुत्र ने मिलकर समाज में बदनामी के डर से यह झूठी कहानी रची थी और पुलिस को भ्रमित किया था। पुलिस अब इस मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है और आगे के तथ्यों के आधार पर उचित वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।