मध्य प्रदेश के भिंड जिले में रविवार रात एक परिवार के साथ हथियारों के बल पर लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पहले परिवार का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया और फिर सुनसान स्थान पर रोककर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित धर्मेंद्र जाटव, जो विदिशा में निजी कंपनी में कार्यरत हैं, अपने गांव महुरी का पुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार रात वह अपनी पत्नी और बहन के साथ बाइक से एंडोरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नहर की पुलिया के पास पीछे से आए तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली।

कट्टे की नोक पर 15 मिनट तक बंधक बनाकर लूट

बदमाशों ने धर्मेंद्र पर कट्टा तानकर जान से मारने की धमकी दी और परिवार को करीब 15 मिनट तक बंधक बनाए रखा। इसके बाद महिलाओं के गले और शरीर पर पहने सोने के हार, मंगलसूत्र, झुमकियां, करधोनी, पायल सहित अन्य आभूषण उतरवा लिए। साथ ही धर्मेंद्र के गले की सोने की चेन, दो अंगूठियां, 12 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन भी लूट लिया।

मोबाइल छीन लेने के कारण पीड़ित तुरंत किसी से संपर्क नहीं कर सके। बाद में किसी तरह गोहद चौराहा थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

लगातार लूट की घटनाओं से बढ़ी चिंता

गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में लूट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले भी बाइक सवार दंपती से लूट की वारदात हुई थी, जबकि लहार और मिहोना थाना क्षेत्रों में भी पिछले कुछ महीनों में इसी तरह की घटनाएं हुई हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।