भिंड शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातों पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार की दोपहर को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पूजा-पाठ कर वापस अपने घर जा रही एक बुजुर्ग महिला के साथ लूटपाट को अंजाम दिया गया। घटना मंदिर के नजदीक ही हुई।

पीछे से आकर नकाबपोश ने मारा झपट्टा

देव नगर पेच नंबर-2 की रहने वाली 91 वर्षीय शांति देवी दोपहर के वक्त घर के पास ही स्थित जैन मंदिर दर्शन करने गई थीं। पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद वह पैदल ही अपने घर की तरफ लौट रही थीं। इसी दौरान उनके ठीक पीछे एक अज्ञात व्यक्ति आ गया जिसने अपना चेहरा मास्क से ढंक रखा था। आरोपी ने बिना कोई मौका दिए अचानक महिला के गले पर हाथ मारा और सोने की चेन झपटकर भाग निकला।

घबराई बुजुर्ग महिला ने मचाया शोर

अचानक हुई इस हरकत से बुजुर्ग महिला बुरी तरह सहम गईं और उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक शातिर बदमाश संकरी गलियों का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया और पीड़ित परिवार के साथ आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। फिलहाल पुलिस उस रास्ते के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है जिससे बदमाश के आने-जाने की आशंका है।

दो दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों के भीतर जिले में इस तरह की यह दूसरी घटना सामने आई है। इससे पहले बुधवार की शाम को भी नई आबादी इलाके में एक महिला के साथ ऐसी ही लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था, जब सुनीता जैन नाम की महिला दूध लेने बाजार जा रही थीं और बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनके गले से चेन छीन ली थी।