सेमरपुरा गांव के पास हुआ हादसा
भिंड जिले के नेशनल हाईवे-719 पर रविवार दोपहर यात्रियों से भरी एक बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। यह दुर्घटना बरोही थाना क्षेत्र के सेमरपुरा गांव के पास दोपहर तीन से चार बजे के बीच हुई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सवारी उतारने के लिए रुकी थी बस
बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्री बस मुरैना से अंबाह, पोरसा और मेहगांव के रास्ते भिंड की ओर आ रही थी। सेमरपुरा गांव के नजदीक जब बस हाईवे के किनारे यात्रियों को उतारने के लिए रुकी, तभी यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बचाने के प्रयास के बावजूद कैंटर का एक हिस्सा बस से जा टकराया। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।
घायलों की सूची और अस्पताल में इलाज
इस सड़क दुर्घटना में कुल नौ यात्री घायल हुए हैं। घायलों की पहचान जमुना देवी (60) निवासी हीरापुरा मेहगांव, आशा देवी (40) वार्ड-8 मेहगांव, सूरज (25) उत्तर प्रदेश, नारायण (50) गोरमी, पिंकी (37) अंबाह, शनि (11) अंबाह, द्रोपती (62) वीरेंद्र नगर भिंड, दिनेश निवासी गजना और रिंकू पुत्र भैयालाल निवासी आगरा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। मामूली रूप से चोटिल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 3 से 4 यात्रियों को बेहतर चिकित्सा के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
इस दुर्घटना में बस चालक को भी हल्की चोटें आई हैं जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों के चालकों की तलाश के साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!