ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड शहर में सोमवार शाम को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। इंदिरा गांधी चौराहे के पास काली माता मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने नौ वर्षीय बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मां के साथ बाजार आया था मासूम

सरस्वती नगर के रहने वाले प्रमोद यादव का नौ साल का बेटा चिराग यादव सोमवार शाम करीब 5:30 बजे अपनी मां सोनू यादव और ढाई साल के छोटे भाई बेटू के साथ बाजार में दवा लेने आया था। नेशनल हाईवे (NH-719) पार करते वक्त मां अपने छोटे बेटे का हाथ थामकर आगे निकल गई, जबकि चिराग थोड़ा पीछे छूट गया।

जैसे ही चिराग ने सड़क पार करने के लिए दौड़ लगाई, वैसे ही वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी और कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद परिवार के लोग तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सामने आया सीसीटीवी फुटेज

इस पूरी दुर्घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि किस तरह मासूम चिराग सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में और अधिक आक्रोश फैल गया।

थाने के बाहर परिजनों का हंगामा

मंगलवार सुबह बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग शव को सीधे थाने लेकर पहुंच गए। उन्होंने थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। परिजनों की मांग थी कि इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के बजाय आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की जाए और 'हिट एंड रन' की गंभीर धाराएं लगाई जाएं।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों को समझाइश दी और आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रैक्टर और उसके चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के इस भरोसे के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।