भिंड जिले में सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और खेतों में खुलेआम घूम रहे गोवंश को लेकर जिला प्रशासन ने अब ग्राम पंचायतों की जवाबदेही तय करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) वीरसिंह चौहान द्वारा औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें गंभीर लापरवाही सामने आई।
आठ सरपंचों को थमाए गए नोटिस
शुक्रवार को किए गए निरीक्षण के दौरान गोवंश के सड़कों पर भटकने और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आने के बाद आठ संबंधित सरपंचों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सीईओ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उनके खिलाफ पद से हटाने की बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किन-किन पंचायतों पर गिरी गाज
प्रशासन की इस कार्रवाई की जद में भिंड, लहार और रौन जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली पंचायतें शामिल हैं। जनपद पंचायत भिंड की मानपुरा पंचायत के सरपंच ओमवीर सिंह चौहान, बाराकलां की सरपंच ममता बघेल, ऊमरी के सरपंच वीरेंद्र सिंह यादव, ढोंचरा के सरपंच सुनील कुमार और खेरा श्यामपुरा की सरपंच प्रीति देवी को नोटिस मिला है। इसके अलावा लहार जनपद की लपवाहा पंचायत के सरपंच अरविंद शर्मा, ररी पंचायत की सरपंच सावित्री बाई और रौन जनपद की मेहदा पंचायत की सरपंच उमा देवी से भी जवाब मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि इन क्षेत्रों में गोवंश खुले में घूम रहा है, जिससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है बल्कि राहगीरों और किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता माना गया है।
15 सितंबर तक देना होगा साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण
जारी किए गए नोटिस में पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम की धारा 40 के तहत संबंधित सरपंचों को पद से पृथक करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। सभी आरोपित सरपंचों को 15 सितंबर को अपने साक्ष्यों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय सीमा में जवाब न मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि शासन स्तर पर इन पंचायतों में गोशालाओं का निर्माण कराया गया है और उनके संचालन, चारे-पानी तथा रखरखाव पर लाखों रुपए की राशि खर्च की जा रही है। इसके बावजूद गोशालाओं के खाली रहने और मवेशियों के सड़कों पर घूमने से स्थानीय स्तर की व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!