भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एनएच-719 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। यहाँ तेज गति से आ रहे एक डंपर ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार पति-पत्नी, उनकी साली और एक पांच साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

श्राद्ध का भोजन कर लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंडोरी थाना क्षेत्र के रहने वाले 40 वर्षीय संजीव तोमर अपनी पत्नी 48 वर्षीय दीपा तोमर, 46 वर्षीय साली सुमन देवी और पांच वर्षीय जितेंद्र सिंह के साथ भारौली स्थित अपनी ससुराल गए थे। वहां से वे सभी श्राद्ध का भोजन करने के बाद अपनी बाइक से वापस अपने घर एंडोरी लौट रहे थे। तभी बरोही तिराहे के समीप पीछे से आए डंपर ने उनकी गाड़ी को चपेट में ले लिया।

दूसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकराई

डंपर की टक्कर लगते ही संजीव तोमर की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। ठीक उसी समय पीछे से आ रही एक अन्य बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से जा टकराई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। इस दोहरे हादसे में संजीव, दीपा, सुमन और मासूम जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका चिकित्सीय उपचार जारी है।

बरोही थाना प्रभारी अतुल सिंह भदौरिया ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे को अंजाम देने के बाद डंपर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।