अंचल में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामलों में भिंड जिले के दो अलग-अलग इलाकों में शातिर बदमाशों ने ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है, जिसमें कुल मिलाकर 7.90 लाख रुपए की चपत लगाई गई है। पहली घटना जिला मुख्यालय के सदर बाजार की है, जहां एक स्वर्ण व्यवसायी के तीन अलग-अलग बैंकों में संचालित खातों से 6.90 लाख रुपए गायब कर दिए गए।
मोबाइल बंद होने के दौरान हुई ठगी
सदर बाजार निवासी संजय कुमार जैन आभूषण का व्यापार करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल नंबर से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और आईडीबीआई बैंक के खाते लिंक हैं। गत 15 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया था।
शाम को करीब छह बजे उनका फोन फिर से चालू हुआ, लेकिन उन्होंने उस वक्त यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच नहीं की। जब उन्होंने 20 अक्टूबर को यूपीआई स्टेटमेंट चेक किया, तब उनके होश उड़ गए। उनके तीनों खातों से 15 से 19 अक्टूबर के बीच कुल 6 लाख 90 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान उनके मोबाइल पर कोई भी ट्रांजेक्शन अलर्ट या मैसेज नहीं आया था।
खाते लॉक करवाकर दर्ज कराई गई शिकायत
खातों से अनाधिकृत निकासी का पता चलने पर कारोबारी ने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर अपने सभी बैंक खाते लॉक करवाए। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और यह तलाश की जा रही है कि मोबाइल बंद होने और खातों से पैसे निकलने का क्या कनेक्शन है।
मिहोना के ग्रामीण के खाते से एक लाख रुपए पार
साइबर धोखाधड़ी का दूसरा मामला मिहोना थाना इलाके के बंथरी गांव का है। यहां वार्ड क्रमांक दो में रहने वाले राजेश कुशवाह ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि गत 7 अक्टूबर की सुबह 11 बजे से 8 अक्टूबर की शाम 4 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से एक लाख रुपए की धोखाधड़ी कर लिए।
मिहोना क्षेत्र की इस घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
फिलहाल, सिटी कोतवाली और मिहोना पुलिस दोनों ही मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी गई रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई है और इन वारदातों के पीछे किन साइबर अपराधियों का हाथ है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!