भिंड जिला कांग्रेस कमेटी शहर इकाई ने संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक धार देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। इसके तहत नगर के सभी 60 वार्डों में वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिससे जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को तेजी से संचालित किया जा सके।

संगठन को बूथ स्तर तक धार देने की तैयारी

नगर ब्लॉक कांग्रेस भिंड के अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, पार्टी के सक्रिय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग वार्डों की कमान सौंपी गई है। इन सभी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क बनाएं और स्थानीय जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं।

जिलाध्यक्ष ने की समन्वय बढ़ाने की अपील

जिला कांग्रेस कमेटी भिंड शहर के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया (पिंकी) ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन नियुक्तियों का मुख्य मकसद संगठन को वार्डों से लेकर सीधे बूथ स्तर तक सक्रिय करना है। उन्होंने कहा कि नए प्रभारियों के आने से बूथ कार्यकर्ताओं के साथ आपसी तालमेल बेहतर होगा और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने में आसानी होगी।

जनता की समस्याओं को उठाने की जिम्मेदारी

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त वार्ड प्रभारियों को अपनी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनसे यह अपेक्षा की गई है कि वे वार्ड स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखते हुए सांगठनिक गतिविधियों को गति देंगे और स्थानीय मुद्दों को पूरी प्रभावी तरीके से मंच प्रदान करेंगे।