ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड जिले में शारदीय नवरात्र के पहले दिन धार्मिक आस्था और जीव सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिंड के सदस्यों ने पर्व की शुरुआत गौ सेवा और करुणा के संदेश के साथ की।

गौरी सरोवर गौशाला में हुआ आयोजन

रविवार को गौरी सरोवर हाउसिंग कॉलोनी स्थित जीव दया स्थल गौशाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में 40 से अधिक दंपती सदस्यों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

जन्मदिन को सेवा कार्यों से जोड़ा

कार्यक्रम के दौरान मयंक-प्रियंका जैन, सिद्धार्थ-श्रुति जैन, संतोष-शालिनी जैन, चेतन-पूर्वी जैन, राहुल-रेखा जैन, अर्पिता संभव लोहिया और गीता संजीव जैन का जन्मदिन के मौके पर तिलक-वंदन और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके अलावा डॉ. अनिल जैन, कार्यक्रम संयोजक नवीन जैन और भामाशाह कमेटी की ओर से शिक्षक दीपचंद जैन का भी अभिनंदन किया गया।

जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता

संस्था के अध्यक्ष शैलेंद्र-पूनम जैन ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता जैन धर्म के मूल सिद्धांतों में शामिल हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में परोपकार की भावना को बढ़ावा मिलता है।

इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष रविंद्र-सुधा जैन और सक्रिय सदस्य मयंक-प्रियंका जैन ने जीव दया स्थल कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गौशाला में गौवंश की देखभाल पूरी निष्ठा के साथ की जा रही है।

कार्यक्रम के अंत में संजीव-गीता जैन ने कविता के माध्यम से संस्था की एकजुटता की सराहना की, जबकि सचिव अंशुल-आयशा जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।