भिंड जिले में दूध और खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मंगलवार को भिंड और मिहोना तहसीलों के कई इलाकों में डेयरियों, चिलिंग सेंटरों और दुग्ध परिवहन वाहनों की सघन जांच की।
चिलिंग सेंटर और दूध वाहनों की रैपिड किट से जांच
मिहोना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने भोलेबाबा मिल्क चिलिंग सेंटर के अलावा ग्राम रायपुरा और मछण्ड में दूध वाहनों व डेयरियों पर पहुंचकर रैपिड किट के जरिए दूध की प्राथमिक जांच की। इसी तरह फूप क्षेत्र में अधिकारी किरण सेंगर के नेतृत्व में केशव सिंह की डेयरी, बृजराज डेयरी के वाहन तथा योगेश यादव व संजीव कुमार के दूध वाहनों की जांच की गई।
प्राथमिक तौर पर संदेह उत्पन्न होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत दूध के आधिकारिक नमूने संकलित किए गए हैं। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता का वास्तविक स्तर स्पष्ट हो सकेगा।
फूप में मिला अमानक सामान, दुकानों पर चली कार्रवाई
जांच अभियान के दौरान फूप कस्बे में स्थित दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। श्रीराम नाश्ता सेंटर पर चलित प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य सामग्री की जांच की गई, जिसमें 20 किलो पेठा, 5 किलो गुलाब जामुन और 8 एक्सपायरी डेट वाली कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मिलीं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसके बाद टीम ने हरिओम स्वीट्स की दुकान पर भी छापा मारा, जहां 12 किलो बर्फी अमानक मिलने पर नष्ट कराई गई। इस प्रकार कुल 37 किलो दूषित या खराब मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
होटल संचालकों और नागरिकों को दी गई हिदायत
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पारस चिलिंग सेंटर और होटल दावत का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वहां मौजूद स्टाफ को खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़े तमाम नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य आम जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों को भी मिलावट के प्रति जागरूक किया तथा खाद्य सामग्री खरीदते वक्त उसकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!