भिंड में पत्रकारों से बोले आंदोलन से जुड़े नेता

गुरुवार को भिंड के बायपास रोड स्थित जगदीश मैरिज गार्डन में यूजीसी रोल बैक आंदोलन से जुड़े हर्ष दुबे ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखे हमले बोलते हुए देश को जातियों में बांटने का आरोप लगाया।

आश्वासन के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप

हर्ष दुबे ने कहा कि जब पहले यूजीसी रोल बैक आंदोलन चलाया गया था, तब सरकार ने इस विषय पर विचार कर दोबारा समीक्षा करने का भरोसा दिलाया था। हालांकि, इतने दिन बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे सरकार अपने वादे से मुकरती नजर आ रही है।

25 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन

सरकार के रुख से नाराज सवर्ण समाज अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है। आगामी 25 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल आंदोलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचेंगे।

अब सिर्फ आश्वासन नहीं, फैसले पर अड़े लोग

नेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब केवल मौखिक आश्वासनों पर बात नहीं होगी। सरकार जब तक इस कानून को लेकर लिखित और स्पष्ट निर्णय नहीं देती, तब तक यह विरोध प्रदर्शन थमेगा नहीं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह नियम युवाओं के भविष्य के लिए बेहद घातक है और कट्टरपंथ को बढ़ावा दे रहा है।