भिंड जिले में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब पात्र नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिलने लगी है। प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों को चिन्हित कर उन्हें सीधे तौर पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है।

टाउन हॉल में लगा विशेष शिविर

नगर पालिका की ओर से रविवार को स्थानीय टाउन हॉल में 'सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार' के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पहुंचे विभिन्न विभागों से जुड़े 179 पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही हितलाभ का वितरण किया गया।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला सीधा फायदा

शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 64, खाद्यान्न पात्रता पर्ची के 30, संबल योजना पंजीयन के 30 और पीएम स्वनिधि योजना के 26 लाभार्थियों को योजना का सीधा लाभ मिला। इसके साथ ही, संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के 6, नामांतरण के 6, प्रधानमंत्री आवास योजना के 6, मृत्यु प्रमाण पत्र के 6 और जन्म प्रमाण पत्र के 5 हितग्राहियों को भी दस्तावेज व लाभ सौंपे गए।

सांसद संध्या राय ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस अभियान की सार्थकता इसी बात में है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे और वंचित लोगों तक पहुंचे।

अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

सांसद ने इस बात पर जोर दिया कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लोग सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं, जिन्हें सेवा सेतु अभियान के माध्यम से ढूंढा जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गम इलाकों में रहने वाले नागरिकों, दिव्यांगजनों और वंचित वर्ग तक योजनाओं की पहुंच हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई और लोगों को समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।