भिंड जिले के दबोह नगर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। यहां एक मेडिकल स्टोर संचालक के बैंक खातों से अज्ञात ठगों ने महज तीन दिनों के भीतर 14 लाख 63 हजार रुपये से अधिक की रकम पार कर दी।
दो खातों से अलग-अलग तारीखों में निकाले गए पैसे
मुख्य सड़क स्थित वार्ड क्रमांक 8 निवासी 56 वर्षीय रविन्द्र सिंह चावला पुत्र गुरमुख सिंह चावला का दबोह में मेडिकल संचालन का कार्य है। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके यूको बैंक के दो अलग-अलग खातों से धोखाधड़ी कर यह रकम निकाली गई है। पहले खाते से 3 से 5 अक्टूबर 2026 के बीच 12 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाली गई, जबकि दूसरे खाते से 6 अक्टूबर को 2 लाख 63 हजार रुपये से ज्यादा की रकम साफ कर दी गई।
साइबर हेल्पलाइन की मदद से दर्ज हुई एफआईआर
खातों से अचानक बड़ी रकम कटने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। साइबर पोर्टल के माध्यम से ई-जीरो एफआईआर दबोह थाने तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
थाने पहुंचकर पुलिस ने रविन्द्र सिंह चावला के बयान दर्ज किए और मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत धोखाधड़ी का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया।
पुलिस जांच में नजदीकियों पर टिकी सुई
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खातों से इतनी बड़ी रकम आखिर किस तरीके से निकाली गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस घटना में पीड़ित के किसी करीबी व्यक्ति की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता, हालांकि वास्तविकता का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!