लग्जरी गाड़ी से होती थी मवेशियों की तस्करी

भिंड जिले के फूप थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अर्टिगा कार के जरिए बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इन मवेशियों को चुराकर उत्तर प्रदेश के इटावा ले जाने की फिराक में था।

घटना की शुरुआत 2 अक्टूबर की रात को हुई थी, जब फूप के वार्ड नंबर 8 के रहने वाले रामबाबू धाकड़ की तीन और उसी रात भोनपुरा निवासी संतोष कुमार जाटव की पांच बकरियां चोरी हो गई थीं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने 3 अक्टूबर को मामले दर्ज कर जांच शुरू की थी।

नीबुआ चौकी के पास बिछाया गया जाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि चोरी की बकरियों को एक अर्टिगा कार में भरकर इटावा ले जाया जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नीबुआ चौकी के पास बैरिकेडिंग कर घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी के भीतर से चोरी की गई बकरियां बरामद हुईं।

कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल

पूछताछ के दौरान आरोपी ने फूप कस्बे, भोनपुरा और देहात थाना क्षेत्र से अपने साथियों के साथ मिलकर मवेशी चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुल 10 बकरियां और घटना में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार जब्त कर ली है, जिनकी कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

यह पूरी सफलता पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन तथा अटेर एसडीओपी रविंद्र वास्कले के नेतृत्व में मिली। इस ऑपरेशन में थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर और उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।