भिंड जिले में लगातार हो रही ई-रिक्शा बैटरी चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों को राहत मिली है। देहात थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़े चोर गिरोह का खुलासा करते हुए उसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने पूछताछ में भिंड सहित जिले के कई इलाकों में 100 से अधिक ई-रिक्शा बैटरियां चुराने की बात कबूल की है।
चोरों तक कैसे पहुंची पुलिस?
पिछले कई महीनों से भिंड, मेहगांव, गोहद, अटेर, फूप, रौन, मिहोना, लहार, दबोह और आलमपुर जैसे क्षेत्रों में ई-रिक्शा से बैटरियां चोरी होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। वारदातों की बढ़ती संख्या को देखते हुए देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने विशेष निगरानी शुरू करवाई। एक चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें ट्रैक करना शुरू किया।
लग्जरी कार से देते थे चोरी को अंजाम
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐंतहार निवासी लवकुश शर्मा और सीतानगर निवासी सोनू नागर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इन दोनों ने बताया कि उनका गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था। गिरोह का हर सदस्य अपनी अलग जिम्मेदारी निभाता था। अंसार खान और गोल्लू वाल्मीकि इटावा-औरैया से किराए पर लग्जरी कार लेकर भिंड आते थे।
सोनू नागर की जिम्मेदारी ऐसे ई-रिक्शा की रेकी करना थी, जो सुनसान जगहों पर खड़े होते थे। रेकी के बाद रात के समय बैटरियां निकालकर किराए की कार में रख ली जाती थीं। पुलिस ने बताया कि गिरोह के दो अन्य सदस्य अंसार खान और गोल्लू वाल्मीकि अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
चोरी की बैटरियों का क्या करते थे?
आरोपियों ने खुलासा किया कि एक ई-रिक्शा में चार बैटरियां होती हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 40 हजार रुपये होती है। चोरी की गई इन बैटरियों को वे 10 से 15 हजार रुपये में उन लोगों को बेच देते थे, जिनके ई-रिक्शा की बैटरियां खराब हो चुकी होती थीं। सस्ती कीमत पर मिलने के कारण खरीदार भी आसानी से इन्हें खरीद लेते थे।
देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 100 से अधिक बैटरी चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चोरी की कई और वारदातों का खुलासा हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!