अष्टमी पूजन के लिए मां के साथ गई थी डेम

अशोकनगर जिले के पिपरई थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले सेमरी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां शनिवार की शाम डेम में डूबने की वजह से 22 साल की नवविवाहिता प्रियंका उर्फ हल्की बाई की जान चली गई। मृतका अपनी मां सुशीला बाई के साथ अष्टमी पूजन के सिलसिले में डेम पर स्नान करने के लिए पहुंची हुई थी।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

नहाने के दौरान प्रियंका अचानक से गहरे पानी की तरफ चली गई और देखते ही देखते डूबने लगी। बेटी को पानी में डूबता देख मां ने घबराकर तुरंत मदद के लिए चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर दौड़े और करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया।

परिजन आनन-फानन में युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अगले दिन यानी रविवार की सुबह अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और उसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।

इसी साल अप्रैल माह में हुई थी शादी

प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रियंका मूल रूप से मुंगावली क्षेत्र के ढूढ़ेर गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी इसी साल 22 अप्रैल को संपन्न हुई थी और वह शादी के बाद अपने मायके सेमरी आई हुई थी। करीब डेढ़ महीना पहले वह मायके आई थी।

बताया गया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे लेने के लिए आए थे, लेकिन तबीयत खराब होने और बुखार रहने के कारण मायके वालों ने उसे कुछ दिनों के बाद भेजने की बात कही थी। इसी वजह से वह लगातार मायके में ही रुक हुई थी और यह अनहोनी घटित हो गई।