तुलसी सरोवर तालाब के पास मिला शव
अशोकनगर जिले के तुलसी सरोवर तालाब में शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात लड़की का शव देखा। सुबह के वक्त जब राहगीर तालाब के पास से गुजर रहे थे, तो उन्होंने शव को पानी के किनारे पड़ा पाया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय देहात थाना पुलिस को दी।
एसडीआरएफ टीम ने पानी से निकाला शव
सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसकी मदद से शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, मौके पर मौजूद आसपास के लोगों में से कोई भी मृतका की पहचान नहीं कर सका।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
प्रारंभिक जांच के अनुसार मृत किशोरी की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि उसके शरीर पर चोट के कोई भी निशान नहीं पाए गए हैं। शव पानी में उल्टा अवस्था में था और अधिक फूला हुआ नहीं था, जिससे अनुमान है कि यह घटना बहुत पुरानी नहीं है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदा लड़कियों की जानकारी खंगालते हुए मृतका की शिनाख्त करने के प्रयासों में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!