राजस्थान के नीमकाथाना में फंसे थे मजदूर
अशोकनगर जिले के सहसूदी गांव के रहने वाले छह मजदूरों को स्थानीय जनप्रतिनिधि की सूचना पर राजस्थान के नीमकाथाना क्षेत्र से पुलिस ने मुक्त कराया है। ये सभी मजदूर वहां कठिनाइयों का सामना करते हुए बंधक बनाकर काम करने को मजबूर किए जा रहे थे, जिसकी शिकायत परिजनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाई गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने मजदूरों को तुरंत सकुशल वापस लाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन और ईसागढ़ थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस दल का गठन किया गया, जिसे तुरंत राजस्थान रवाना किया गया।
राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान बंधक बनाए गए सभी छह मजदूरों को सकुशल अपने कब्जे में लेकर अशोकनगर के लिए रवाना किया गया।
परिजनों के सुपुर्द किए गए सभी पीड़ित
मुक्त कराए गए मजदूरों में परमानंद, उमेश, जयसिंह, सुनील, निकिता और भगवत आदिवासी शामिल हैं। पुलिस टीम इन सभी को सुरक्षित ईसागढ़ ले आई, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उनके स्वजनों को सौंप दिया गया। इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर के साथ एएसआई राम सिंह, प्रधान आरक्षक यशपाल सिंह और आरक्षक धर्मेंद्र दांगी ने अहम भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि अशोकनगर पुलिस द्वारा अन्य राज्यों में फंसे मजदूरों को रेस्क्यू करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पुलिस महाराष्ट्र से 36 महिला, पुरुषों और बच्चों के अलावा सोलापुर से 35 अन्य मजदूरों को भी सुरक्षित उनके घर वापस ला चुकी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!