अशोकनगर जिले में आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान आयोजित होने वाले गरबा महोत्सवों को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने कड़ा रुख अपनाया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नाम मांग पत्र प्रेषित किया गया, जिसमें गरबा पांडालों में सुरक्षा, परंपराओं के संरक्षण और सांस्कृतिक मर्यादा का हवाला दिया गया है।
आधार कार्ड देखकर ही दी जाए पंडालों में एंट्री
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि गरबा पांडालों में केवल सनातनी श्रद्धालुओं को ही प्रवेश मिलने दिया जाए। इसके लिए पंडालों के मुख्य प्रवेश द्वार पर आधार कार्ड की जांच अनिवार्य की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके। नेताओं का कहना था कि नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की शक्ति उपासना का पवित्र अवसर है, जिसकी गरिमा बनाए रखना हर किसी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
सांस्कृतिक भटकाव और सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
विहिप पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से चिंता जताई कि पिछले कुछ वर्षों में गरबा आयोजनों में पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव और अमर्यादित आचरण बढ़ा है। उन्होंने जिले में बीते वर्ष कुछ बेटियों द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदमों का जिक्र करते हुए इसे सांस्कृतिक भटकाव और असामाजिक तत्वों के प्रभाव का परिणाम बताया। संगठन ने चेतावनी दी कि लव-जिहाद जैसी घटनाओं को रोकने और समाज की सुरक्षा के लिए नियमों का कड़ाई से पालन होना बेहद जरूरी है।
प्रमुख मांगें: अश्लील गानों पर प्रतिबंध और अलग समय
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि गरबा पंडालों में डीजे और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और केवल मां दुर्गा की आरती व पारंपरिक भक्ति गीतों को ही अनुमति दी जाए। इसके अलावा, युवक और युवतियों के गरबा के लिए दिन व समय अलग निर्धारित करने तथा महिला गरबा के दौरान पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित कर मातृ शक्ति को सुरक्षा संभालने की जिम्मेदारी देने का आग्रह किया गया है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन और आयोजकों द्वारा इन मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया या पंडालों में कोई अनैतिक गतिविधि पाई जाती है, तो संपूर्ण हिंदू समाज उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विहिप जिलाध्यक्ष अंकित बड़कुल, जिला मंत्री कंछेदी दांगी, सह मंत्री अरुण जैन, शिवम नामदेव, प्रेमनारायण साहू, दिलीप सोनी और सचिन रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!