अशोकनगर-चंदेरी मार्ग पर रविवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। मनकपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे ऑटो और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में ऑटो चालक और बाइक पर पीछे बैठा एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।

ऑटो में घुसा कार का अगला हिस्सा

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से ऑटो के अंदर जा घुसा। हादसे में लखेरी बसारती निवासी ऑटो चालक सुनील अहिरवार (पुत्र सरदार सिंह अहिरवार) अपनी सीट पर ही फंस गए। इस दुर्घटना में उनके एक पैर में गंभीर चोट आई है और हाथ की हड्डी भी टूट गई है।

मोड़ पर हुआ हादसा, बाइक सवार किशोर घायल

वहीं दूसरा घायल 16 वर्षीय अभिषेक अहिरवार (पुत्र वीर सिंह अहिरवार) है जो तारई मोहरी का रहने वाला है। घटना के वक्त वह अपने भाई के साथ बाइक पर सवार था। हादसे के दौरान बाइक उसका भाई चला रहा था जिसे खरोंच तक नहीं आई, लेकिन पीछे बैठे अभिषेक को चोटें आईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित कार चंदेरी से अशोकनगर की तरफ आ रही थी, जबकि ऑटो और बाइक सवार अशोकनगर से अपने गांवों की ओर लौट रहे थे। यह दुर्घटना मनकपुर के पास पुलिया के तीखे मोड़ पर हुई।

गाड़ी छोड़कर भागा चालक, पुलिस कर रही तलाश

घटना के बाद कार चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को डायल-112 वाहन की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।