अशोकनगर जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़
अशोकनगर जिले में इन दिनों मौसम के मिजाज और खान-पान में गड़बड़ी के चलते मौसमी बीमारियों ने पैर पसार लिए हैं। जिला अस्पताल में उल्टी, दस्त और तेज बुखार से पीड़ित मरीजों का तांता लगा हुआ है। मरीजों की अचानक हुई इस बंपर आवक से अस्पताल प्रबंधन के इंतजाम कम पड़ गए हैं।
महिला और पुरुष वार्ड में तय क्षमता से अधिक एडमिशन
अस्पताल के वार्डों की स्थिति बेहद दयनीय हो चली है। महिला वार्ड की कुल क्षमता महज 40 बिस्तरों की है, लेकिन वर्तमान में यहां 74 मरीज भर्ती हैं। स्थिति इतनी विकट है कि कई महिलाओं और बच्चियों को जमीन पर गद्दे डालकर ड्रिप लगवाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
पुरुष वार्ड का हाल भी इससे जुदा नहीं है। चालीस बेड वाले इस वार्ड में लगभग 100 मरीजों को भर्ती किया गया है। पलंग पूरी तरह भर जाने की वजह से अब अस्पताल की गैलरी में ही गद्दे लगाकर मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
गैलरी में रात बिताने को मजबूर परिजन
वार्डों में जगह की कमी और मरीजों की अधिकता के कारण अस्पताल परिसर की गैलरियों में ही बिस्तर लगाए गए हैं। मरीज और उनके तीमारदार इन्हीं गैलरी में रहकर इलाज कराने और रात गुजारने को मजबूर हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुलती नजर आ रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!