अशोकनगर जिले के सहसूदी गांव के छह निवासी रोजगार की तलाश में राजस्थान गए हुए थे, जहां वे लंबे समय से एक स्थान पर फंसे हुए थे। इन मजदूरों के बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और एक विशेष टीम का गठन कर उन्हें सकुशल वापस गृह जिला लाया गया।

राजस्थान के नीमकाथाना में फंसे थे ग्रामीण

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सहसूदी के रहने वाले परमानंद आदिवासी, उमेश आदिवासी, जयसिंह आदिवासी, सुनील आदिवासी, निकिता आदिवासी और भगवत आदिवासी सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र में मजदूरी करने गए थे। वहां से उनके बंधक होने की बात सामने आने पर उनके परिवारों में भारी चिंता व्याप्त हो गई थी।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुआ रेस्क्यू

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश और चंदेरी अनुविभागीय अधिकारी महेश शर्मा के मार्गदर्शन में ईसागढ़ थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस दल को तुरंत राजस्थान रवाना किया गया।

राजस्थान के नीमकाथाना पहुंचने के बाद स्थानीय कोतवाली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया। दोनों राज्यों की पुलिस के संयुक्त प्रयासों से उन मजदूरों तक पहुंच बनाई गई और उन्हें सुरक्षित बंधन मुक्त कराया गया।

परिजनों से मिलकर छलक पड़े आंसू

सभी मजदूरों को सुरक्षित अशोकनगर लाकर उनके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय तक अनिश्चितता के दौर से गुजरने के बाद अपनों को सकुशल देखकर परिजनों और मजदूरों की आंखें छलक आईं और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।