17 वर्षों से पर्यावरण अनुकूल गणेशोत्सव की परंपरा

अशोकनगर जिले के मुंगावली में चंदेरी रोड स्थित वार्ड क्रमांक 01 में सिद्धि विनायक गणेश उत्सव समिति की ओर से इस साल भी गणेशोत्सव का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। समिति के संयोजक सौरभ सक्सेना के अनुसार, यह आयोजन पिछले 17 वर्षों से लगातार किया जा रहा है।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस समिति द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी केवल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है, जो क्षेत्र में जन जागरूकता का एक बड़ा उदाहरण बनी हुई है।

आकर्षण का केंद्र बनी विशेष और मनमोहक झांकी

इस बार समिति ने पंडाल में एक बेहद खास और दर्शनीय झांकी का निर्माण कराया है। इस झांकी में भगवान गणेश और उनके अग्रज कार्तिक स्वामी अपनी माता पार्वती की सेवा करते हुए मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं।

मातृत्व प्रेम और पुत्र धर्म का यह अनूठा दृश्य स्थानीय लोगों में खासी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस भावपूर्ण प्रस्तुति को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और नगर से रोजाना भारी तादाद में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।