तुलसी सरोवर तालाब में मिला शव

अशोकनगर शहर के तुलसी सरोवर तालाब में रविवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय गोलू आदिवासी पुत्र गोपाल आदिवासी के रूप में की गई है। वह मूल रूप से कचनार थाना क्षेत्र के मसीदपुर का रहने वाला था और इन दिनों टीचर कॉलोनी में अपनी नानी के यहां रह रहा था।

प्रसाद लेने की कहकर निकला था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलू शनिवार को अपनी नानी के साथ युगल सरकार मंदिर के समीप आयोजित कथा सुनने गया था। कथा समाप्ति के बाद शाम को उसने अपनी नानी से कहा कि वह प्रसाद लेकर आ रहा है और उन्हें घर जाने को कह दिया। इसके बाद से ही वह घर नहीं लौटा और परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी थी।

परिजनों ने बताया कि गोलू की मानसिक स्थिति पूरी तरह स्थिर नहीं रहती थी और उसे मिर्गी के दौरे भी आते थे। पूर्व में भी वह कई बार मंदिरों के आसपास रुक जाता था, जिसके कारण परिजनों को पहले अनहोनी की आशंका नहीं हुई, लेकिन सुबह तक घर न लौटने पर चिंता बढ़ गई थी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

रविवार की सुबह जब कुछ लोग रघुवंशी धर्मशाला के मंदिर के पास पहुंचे, तो उन्होंने तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे میں लेकर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।